देहरादून (गौरव कुमार)। उत्तराखंड शासन के कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई IAS और PCS अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पदभार से मुक्त करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
PCS अधिकारियों में गिरधारी सिंह रावत को सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। इलागिरि को दुग्ध विकास से संबंधित जिम्मेदारी दी गई है। सुन्दर लाल सेमवाल को सचिवालय प्रशासन विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है। हरिद्वार के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) फिन्चाराम को गृह विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि जितेन्द्र कुमार को परिवहन निगम में महाप्रबंधक बनाया गया है। योगेश मेहरा को देहरादून से हरिद्वार डिप्टी कलेक्टर के रूप में भेजा गया है।
IAS अधिकारियों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। विनय शंकर पांडे को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सोनिका को नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है। आनंद स्वरूप को गढ़वाल मंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है। आशीष चौहान को देहरादून का जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।
शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करते हुए इसकी सूचना कार्मिक विभाग को उपलब्ध कराएं। प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी।
