हरिद्वार (प्रवीण कुमार)। रोहालकी किशनपुर स्थित केयर नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज ने इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से मान्यता होने का दावा कर उनसे प्रवेश लिया और एक वर्ष से लेकर छह माह तक की फीस अग्रिम जमा करा ली। लेकिन अब सत्र पूरा होने को है तब कॉलेज प्रबंधन द्वारा संबंधित कोर्स को INC से मान्यता प्राप्त न होने की बात कही जा रही है।
जानकारी मिलते ही छात्र-छात्राओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कॉलेज परिसर से बाहर निकलकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज की मान्यता संबंधी दस्तावेज और दावे देखकर ही उन्होंने दाखिला लिया था। अब उनका एक साल बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गया है।
पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड सहित कई राज्यों से आए छात्र किराये पर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। उनका कहना है कि परिवारों ने बड़ी मुश्किल से फीस और रहने का खर्च जुटाया था। अचानक सामने आए इस विवाद से छात्रों और अभिभावकों में चिंता गहरा गई है। वहीं कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों के आरोपों को गलत बताते हुए किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी देने से इनकार किया है।
