हरिद्वार (गौरव कुमार) थाना सिडकुल पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान चलाकर कुल 51 व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय ढाबों, शराब की दुकानों और सड़कों के किनारे कुछ लोग शराब पीकर महिलाओं पर फब्तियां कसते थे, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया।
थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। पकड़े गए सभी व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 12,750 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने सभी को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते या हुड़दंग करता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
