अलीपुर में भीषण हादसा, टक्कर के बाद बाइक में लगी आग, पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे समेत दो युवकों की मौत

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) बहादराबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे अलीपुर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, राहुल पुत्र रामवीर और राजकमल पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी अलीपुर एक ही बाइक पर सवार होकर गांव में जा रहे थे। गांव से कुछ पहले ही उनकी बाइक की किसी अज्ञात वाहन से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही उसमें आग लग गई। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की पुष्टि करते हुए बहादराबाद बाजार चौकी प्रभारी प्रवीण बिष्ट ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे को तेज रफ्तार की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!