फर्जी जमानतियों पर शिकंजा, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) जिला एवं सत्र न्यायालय हरिद्वार में पेशेवर फर्जी जमानतियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने चार व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ये सभी आरोपी पैसे लेकर विभिन्न मामलों में अभियुक्तों की जमानत लेने का काम करते थे।

जानकारी के अनुसार रविवार को रोशनाबाद स्थित न्यायालय में सुनवाई के दौरान सरकार बनाम रोशन लाल प्रकरण में चार व्यक्ति जमानती के रूप में प्रस्तुत हुए। सुनवाई के दौरान संदेह होने पर न्यायालय में उनके रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि ये सभी व्यक्ति पेशेवर जमानती हैं और कई मामलों में पहले भी जमानत ले चुके हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने न्यायालय के समक्ष दिए गए शपथपत्र में पूर्व में ली गई जमानतों का कोई उल्लेख नहीं किया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने अदालत को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठा शपथपत्र प्रस्तुत किया।

इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए न्यायालय के निर्देश पर थाना सिडकुल में कमलेश, उज्ज्वल सिंह, नरेश सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून के साथ छल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!