उत्तराखंड में आफत का अलर्ट! 14-16 मार्च तक बारिश-बर्फबारी-ओले-तेज आँधी का कहर

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 14 से 16 मार्च तक पूरे प्रदेश में बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम सक्रिय हो गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

शनिवार 14 मार्च को पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मैदानी जिलों देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा आदि में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और बिजली चमकने के आसार हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा।

रविवार 15 मार्च को मौसम और अधिक सक्रिय होगा। प्रदेश के ज्यादातर पर्वतीय और मैदानी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की उम्मीद है। ऊंचे इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और भारी बारिश का खतरा है। हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका है।

सोमवार 16 मार्च को भी मौसम का असर जारी रहेगा। विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की चेतावनी है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, खासकर पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!