हरिद्वार (गौरव कुमार) कुम्भ मेला-2027 के सुचारु आयोजन के लिए मेला अधिकारी सोनिका ने गुरुवार को कुम्भ मेला नियंत्रण भवन में उच्चाधिकारियों की बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों, सड़क चौड़ीकरण, चौराहों के सुधार और रेलवे स्टेशनों की व्यवस्थाओं की समीक्षा हुई।
मेला अधिकारी ने एनएचएआई को कुम्भ क्षेत्र से जुड़े सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सड़कों पर ब्लैक टॉप, सुरक्षा उपाय, सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश, साइनेज और बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। हरिद्वार-नजीबाबाद राजमार्ग और रिंग रोड परियोजनाओं को अविलंब पूरा करने पर जोर दिया। मोतीचूर के पुराने मार्ग और पुल की तकनीकी जांच कर वैकल्पिक उपयोग की संभावना तलाशने के निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए। हरिद्वार स्टेशन से हिल बाईपास की ओर निकास मार्ग की संभावना पर लोक निर्माण विभाग को निरीक्षण के निर्देश दिए। मेला अधिकारी ने स्पष्ट किया कि देरी या लापरवाही पर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट की जाएगी। सभी विभागों से बेहतर समन्वय और नियमित प्रगति रिपोर्ट मांगी गई।
बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी अभय प्रताप सिंह, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए युद्धस्तर पर होंगे सड़क-रेल कार्य : मेला प्रशासन