हरिद्वार पुलिस ने पकड़ा 2.7 किलो गांजा, पुष्पा समेत दो तस्कर गिरफ्तार

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। पुलिस ने 2 किलोग्राम 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।

घटना बृहस्पतिवार की शाम की है। कोतवाली नगर पुलिस की टीम नियमित चेकिंग और शांतिभंग की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान बैरागी कैम्प के पास एक ई-रिक्शा पुलिस को देखते ही तेजी से पीछे भागीरथी होटल की ओर मुड़ने लगा। संदिग्ध गतिविधि देख टीम ने फुर्ती दिखाते हुए मात्र 15-20 कदम की दूरी पर वाहन को रोक लिया।

ई-रिक्शा में दो युवक सवार थे। पूछताछ और जामा तलाशी में दोनों के पीठ पर लटके बैगों से कुल 2.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरव उर्फ पुष्पा पुत्र राजू, निवासी ग्राम हिडोलाखाल, टिहरी गढ़वाल और हर्षित गुप्ता पुत्र अरविंद गुप्ता, मूल निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) व वर्तमान पता बैरागी कैम्प, कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे गांजा उत्तर प्रदेश से हरिद्वार लाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह खेप कहां से आई और इसके आगे सप्लाई चेन में कौन-कौन शामिल है।

मामले में कोतवाली नगर मे NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई में वरिष्ठ उप निरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उप निरीक्षक चरण सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल सतेंद्र, हेड कांस्टेबल सजीव राणा, कांस्टेबल सुनील चौहान व कांस्टेबल निर्मल की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!