HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। गांव में मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक 4 वर्षीय बालक पर गुलदार ने हमला कर दिया। आंगनबाड़ी केंद्र से घर लौट रहे बच्चे पर झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक छलांग लगा दी। गनीमत रही कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य बच्चों के शोर-शराबे से गुलदार भाग निकला, लेकिन बच्चे के सिर पर उसके नाखूनों से हल्की खरोंच लग गई।
पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड कोट के देवार क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम सिंह रावत ने बताया, “रोज की तरह बच्चा आंगनबाड़ी से घर आ रहा था। मां भी उसे लेने जा रही थी। चार-पांच बच्चे कार्यकर्ता के साथ थे। एक बच्चा थोड़ा आगे निकल गया, तभी गुलदार ने हमला किया। हल्ला मचाने पर वह भागा, लेकिन बच्चे को चोट लगी।” आनन-फानन में बच्चे को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की हालत स्थिर है, सिर पर मामूली खरोंच है।
यह घटना क्षेत्र में दहशत फैला रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार प्रभावित इलाके में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। बच्चे की मां ने भावुक होकर कहा, “बच्चा थोड़ी देर के लिए आंखों से ओझल हो गया था। गुलदार ने झपट्टा मारा, देखकर कलेजा बैठ गया। अब तो डर लगता है बाहर भेजने से।