हरिद्वार में अंग्रेजी उपन्यास “द ब्रोकन फ्लेम” का भव्य विमोचन सम्पन्न,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार के सभागार में रविवार को हरिद्वार निवासी साहित्यकार लोकेश भारद्वाज के प्रथम अंग्रेजी उपन्यास “द ब्रोकन फ्लेम” का भव्य विमोचन समारोह आयोजित हुआ। दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से प्रारम्भ कार्यक्रम में साहित्यकार, पत्रकार, समाजसेवी एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. ललित नारायण मिश्र (मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है तथा यह युवाओं को संवेदनशील और जिम्मेदार बनाता है। उन्होंने उपन्यास की विषयवस्तु की प्रशंसा करते हुए इसे मानवीय रिश्तों व मनोवैज्ञानिक गहराई का संवेदनशील चित्रण बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी ने की। उन्होंने हरिद्वार को साहित्य-संस्कृति का पवित्र केंद्र बताते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया।

मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती नन्दिता कुमार (दिल्ली) ने उपन्यास को आधुनिक समाज में टूटते रिश्तों, विश्वास की क्षति एवं पुनर्जागृत आशा का सशक्त दस्तावेज बताया तथा लेखक की सूक्ष्म एवं भावपूर्ण लेखन शैली की सराहना की।

विशेष अतिथि अभय प्रताप सिंह (एसपी सिटी, हरिद्वार) ने साहित्य को तनावपूर्ण जीवन में मानसिक संतुलन प्रदान करने वाला माध्यम बताया तथा उपन्यास से सकारात्मक संदेश फैलने की उम्मीद जताई।

लेखक लोकेश भारद्वाज ने कहा कि यह उपन्यास उनके निजी अनुभवों, संवेदनाओं एवं बदलते सामाजिक परिवेश को समझने की यात्रा का परिणाम है जिसमें मानव मन की जटिल परतें एवं रिश्तों की उलझनें उकेरी गई हैं।

आयोजक बालकृष्ण शास्त्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन राहुल वर्मा ने किया। अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

समारोह में विमल कुमार, परमिंदर सिंह गिल, पंडित अधीर कौशिक, डॉ. सत्यनारायण शर्मा, विजयपाल बघेल, जगदीश लाल पाहवा, डॉ. प्रदीप जोशी, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!