बहादराबाद : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की बेटी ने प्रॉपर्टी डीलर पर लगाया जमीन कब्जाने का आरोप, सात बीघा जमीन के मामले में केस दर्ज,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की बेटी शोभा सिंह ने एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों पर उनकी सात बीघा जमीन पर अवैध कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। शोभा सिंह, जो विरासत विला नं. एक, शांतारशाह की निवासी हैं, ने बताया कि उनकी यह जमीन ऑक्टागन व हीरो ग्रुप को जाने वाले सार्वजनिक मार्ग से सटी है, जिसे प्रॉपर्टी डीलर मोनू त्यागी और उनके साथी हड़पने की कोशिश कर रहे हैं।

शोभा सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि मोनू त्यागी और उनके साथियों ने उनकी जमीन पर खंभे गाड़कर दीवार बनाने और चक रोड बंद करने का प्रयास किया। इस मामले में उन्होंने उपजिलाधिकारी रुड़की को प्रमाणित दस्तावेजों के साथ शिकायत दर्ज की थी। रविवार को जब वह अपनी जमीन पर पहुंचीं, तो मोनू और उनके साथियों ने जेसीबी से उनकी ईंटें तोड़ दीं। विरोध करने पर मोनू और 5-6 अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बड़े नेताओं से अपनी जान-पहचान का हवाला देकर शोभा सिंह और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की बेटी होने के नाते शोभा सिंह ने इस घटना को न केवल अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा, बल्कि अपने परिवार के सम्मान और उनकी पुश्तैनी जमीन की रक्षा से जोड़ा। उन्होंने थानाध्यक्ष से अपने परिवार की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि शोभा सिंह पत्नी महीपाल सिंह की शिकायत पर मोनू त्यागी और अन्य के खिलाफ बलवा, छेड़खानी, गाली-गलौज, और जान से मारने की धमकी जैसे आरोपों में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!