HARIDWAR..हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में फार्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर शिकायत सामने आई है। इस संबंध में कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत व मनोज धनगर की ओर से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी का हवाला देते हुए कहा गया है कि छह अगस्त 2026 को हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में फार्म-10 में एक आपत्ति दर्ज थी। इसके बाद सात अगस्त को फार्म-7 के माध्यम से 126, आठ अगस्त को 426 और नौ अगस्त को 331 मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश किए जाने का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत का दावा है कि संबंधित मतदाता अपने-अपने क्षेत्रों में निवास करते हैं और किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र में मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं।
ज्ञापन में कुछ व्यक्तियों द्वारा बार-बार फार्म-7 भरे जाने का भी आरोप लगाया गया है। इसमें जोगेंद्र सिंह, गुरबाज सिंह और आधर्व यादव के नाम का उल्लेख करते हुए उनके द्वारा फार्म-7 के जरिए वैध मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किए जाने की बात कही गई है। साथ ही निर्वाचन कार्यालय की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं।
मनोज धनगर ने मांग की है कि प्रत्येक शिकायत की स्थल पर जांच कराई जाए। शिकायत गलत पाए जाने पर उसे निरस्त करते हुए संबंधित मतदाताओं के नाम सूची में यथावत रखे जाएं। प्रत्येक फार्म-7 में दर्ज संपर्क विवरण की भी जांच कराने तथा झूठी शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
मनोज धनगर ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियादी व्यवस्था है। किसी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाने का प्रयास गंभीर मामला है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सभी पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने की मांग की।
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा की मतदाता सूची में फार्म-7 के दुरुपयोग का आरोप,