हरिद्वार(प्रवीण कुमार) सोमवती अमावस्या के अवसर पर जहां धर्मनगरी में लाखों श्रद्धालुओं का आगमन हुआ, वहीं जगजीतपुर स्थित देशी शराब की दुकान पर खुलेआम ओवररेटिंग का मामला सामने आया। आरोप है कि दुकान संचालक द्वारा निर्धारित खुदरा मूल्य से अधिक धन वसूला गया। उपभोक्ताओं का कहना है कि एक बीयर की बोतल पर 10 रुपये और शराब की बोतल पर 20 रुपये अतिरिक्त वसूले गए।
हैरानी की बात यह है कि आबकारी विभाग द्वारा दुकान के बाहर रेट लिस्ट भी चस्पा की गई है, इसके बावजूद निर्धारित मूल्य की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। दुकान पर भारी भीड़ और जाम की स्थिति के बीच कई लोगों ने मजबूरी में अधिक कीमत देकर शराब खरीदी।
जब कुछ उपभोक्ताओं ने इसका विरोध किया तो उनकी सेल्समैन से कहासुनी हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने शिकायत करने पर भी बेपरवाह रवैया अपनाते हुए जहां चाहें शिकायत करने की बात कह दी।
अब बड़ा सवाल यह है कि आबकारी विभाग की निगाह इस ओवररेटिंग पर क्यों नहीं पड़ रही है। क्या विभागीय अधिकारी इस अनियमितता से अनजान हैं या फिर कार्रवाई न होने के पीछे कोई और वजह है। उपभोक्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
