मेडिकल स्टोर का शटर, भीतर नशे का कारोबार! 79 कैप्सूल और 8 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ संचालक गिरफ्तार

Listen to this article

हरिद्वार। मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार चल रहा था। दुकान का संचालक ही नशे के कैप्सूल और प्रतिबंधित इंजेक्शन की सप्लाई में जुटा था। भंगेड़ी गांव में शिफा मेडिकल स्टोर चलाने वाले नदीम खान को पुलिस ने 79 ट्रामाडोल कैप्सूल और आठ ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ये नशीली दवाएं मुजफ्फरनगर से खरीदकर लाया था।
पुलिस के मुताबिक, 25 और 26 नवंबर की रात सिविल लाइंस कोतवाली की पुलिस टीम भंगेड़ी मार्ग पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भंगेड़ी की ओर से आ रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के डिब्बे से 79 ट्रामाडोल कैप्सूल और आठ ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद हुए।
पूछताछ में उसकी पहचान भंगेड़ी निवासी नदीम खान के रूप में हुई। वह गांव में शिफा मेडिकल स्टोर संचालित करता है। बरामद दवाओं की जांच के लिए पुलिस ने औषधि निरीक्षक से संपर्क किया। दवाओं में इस्तेमाल साल्ट प्रतिबंधित मनःप्रभावी पदार्थों की श्रेणी में पाए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
मेडिकल स्टोर संचालन की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-फरोख्त का यह मामला सामने आने के बाद अब मुजफ्फरनगर से दवाओं की खरीद और उनके आगे वितरण से जुड़े नेटवर्क की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस ने आरोपी नदीम खान पुत्र रियासत, निवासी भंगेड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, मुनव्वर हुसैन और कांस्टेबल इतेन्द्र ध्यानी व बलवीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!