छठ घाट पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की प्रदेश की खुशहाली की कामना

Listen to this article

देहरादून। छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ग्राम 22 पुल स्थित खिलड़िया छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने छठी मैया और सूर्यदेव से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। छठ घाट पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु पर्व की परंपराओं का निर्वहन करते नजर आए।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें छठ महापर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय लोकसंस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का ऐसा पर्व है, जो समाज को एक सूत्र में बांधता है। इस पर्व में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सूर्यदेव के प्रति श्रद्धा का विशेष महत्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उगते और डूबते सूर्य की उपासना हमें प्रकृति के महत्व को समझने और उसके प्रति सम्मान का भाव रखने की प्रेरणा देती है। छठ का व्रत संयम, समर्पण, सेवा और अनुशासन का संदेश भी देता है। इसमें परिवार के साथ पूरा समाज एकजुट होकर परंपराओं को आगे बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक पहचान ऐसे ही पर्वों से मजबूत होती है। छठ महापर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं, जिन्हें सहेजना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!