महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिलेभर में गूंजे जयकारे, शोभायात्राओं में उमड़ा श्रद्धा और उत्साह का सैलाब

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिले के बहादराबाद, सलेमपुर, रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और नारसन सहित विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह के साथ शोभायात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालुओं ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।बहादराबाद क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में आयोजित शोभायात्रा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं ऑल इंडिया धनगर समाज महासंघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष मनोज धनगर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के चरणों में नमन कर आशीर्वाद लिया और फीता काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पप्पू सिंह पाटिल सहित आयोजक, पदाधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर मनोज धनगर ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी अमर रचना रामायण समूचे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार सत्य, ज्ञान, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता, आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ समाज को जोड़ने का काम करते हैं। महर्षि वाल्मीकि के विचारों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!