हरिद्वार (गौरव कुमार)। कनखल क्षेत्र की ज्ञानलोक कॉलोनी में कुंभ मेले से जुड़े पेयजल निगम के पाइपलाइन कार्य के दौरान विवाद हो गया। कार्य में बाधा डालने का विरोध करने पर एक युवक ने अपने साथियों को बुलाकर कर्मी के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम मुंडलाना सिकंदरपुर, थाना मंगलौर निवासी संदीप कुमार पुत्र सुरेश पाल ने बताया कि कुंभ मेले के तहत पेयजल निगम की ओर से कनखल की ज्ञानलोक कॉलोनी में राइजिंग मेन पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। आरोप है कि सोमवार की शाम को सन्नी निवासी कनखल ने कार्य रुकवा दिया। जब संदीप कुमार ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इसके बाद उसने फोन कर पांच अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोपियों ने जाते समय दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी। मंगलवार को पुलिस ने शिकायत के आधार पर सन्नी को नामजद करते हुए पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
कुंभ परियोजना के काम में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई, पाइपलाइन बिछा रहे कर्मचारी से मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज