35 बीघा कॉलोनी परियोजना में करोड़ों की धोखाधड़ी, दो साझेदारों पर मुकदमा

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)। बहादराबाद क्षेत्र में विकसित हो रही एक आवासीय परियोजना में साझेदारी के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। परियोजना के दो साझेदारों ने एसएसपी और बहादराबाद कोतवाली में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि दो अन्य साझेदारों ने तय निवेश नहीं किया, बल्कि परियोजना को अपनी बताकर लोगों से प्लॉट बेचने के नाम पर अग्रिम धनराशि वसूल ली। इतना ही नहीं, साझेदारी फर्म के खाते में जमा धनराशि का दुरुपयोग करने और बाद में पांच गुना रकम नहीं देने पर जमीन को विवादित कराने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।पुलिस के मुताबिक महेन्द्र सिंह सैनी पुत्र कर्म सिंह सैनी निवासी 63, भागीरथी कुंज, रेलवे स्टेशन रोड, रुड़की, हरिद्वार तथा प्रीतम सिंह पुत्र मोल्हड़ सिंह निवासी मकान संख्या-15, नेहरू नगर, बीएसएम इंटर कॉलेज के निकट फर्म गीता इन्फ्राटेक के साझेदार हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम मूलदासपुर उर्फ माजरा और बढ़ेड़ी राजपूतान में करीब 35 बीघा भूमि पर आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए एचआरडीए से नक्शा स्वीकृत कराया गया था। इसके बाद राजेश गुप्ता निवासी मंगोलपुरी, दिल्ली और क्षितिज अवस्थी निवासी अमरावती एन्कलेव, पंचकूला ने परियोजना में निवेश और विकास का प्रस्ताव दिया। दोनों के साथ संयुक्त विकास अनुबंध और बाद में संशोधित समझौता किया गया तथा उन्हें तपोवन ग्रीन हेबिटेट एलएलपी में साझेदार बनाया गया।आरोप है कि समझौते के अनुसार छह किश्तों में भूमि का मूल्य चुकाया जाना था, लेकिन आरोपियों ने केवल एक करोड़ रुपये का भुगतान किया। इसके बाद बिना अन्य साझेदारों की सहमति के परियोजना को अपनी बताकर कई लोगों से प्लॉटों के नाम पर अग्रिम धनराशि वसूल ली। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह रकम फर्म के खाते में जमा कर उसे अपना निवेश दर्शाया गया और कुछ धनराशि निजी कार्यों में भी खर्च कर दी गई। आरोप लगाया कि ई-मेल के माध्यम से कई बार स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शेष भुगतान मांगने पर आरोपियों ने कथित रूप से पांच करोड़ रुपये की मांग करते हुए जमीन को विवादित कराने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। बहादराबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!