हरिद्वार(गौरव कुमार)। हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर सिंहद्वार के पास टायर बदल रहे दो लोगों को एक कार ने टक्कर मार दी। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेला अस्पताल से एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। कनखल पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। सोमवार की तड़के पुलिस को सूचना मिली कि कनखल में सिंहद्वार के पास फ्लाईओवर पर एक कार दो लोगों को टक्कर मार भाग निकली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहां मंगलौर के टांडा भनेडा निवासी इंतजार (26 वर्ष) पुत्र अनीस को मृत घोषित कर दिया। घायल सलीम की हालत गंभीर देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया है। पुलिस की जांच में पता चला कि मंगलौर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट लेकर इंतजार और सलीम हरिद्वार की ओर आ रहे थे। ओर जा रहे थे। फ्लाईओवर पर ट्रॉली के टायर में पंक्चर हो गया। इसके बाद दोनों नीचे उतरकर स्टेपनी बदल रहे थे। तभी कार ने टक्कर मार दी। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह का कहना है कि कार और चालक को चिह्नित किया जा रहा है। हाईवे पर लगे कैमरें चेक किए जा रहे हैं।
हाईवे पर दर्दनाक हादसा: टायर बदल रहे युवक को कार ने रौंदा, एक की मौत
