हरिद्वार(गौरव कुमार) श्यामपुर क्षेत्र के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने दो लोगों पर सूचना का अधिकार (आरटीआई) की आड़ में लगातार उत्पीड़न करने, एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और नौकरी खत्म कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर श्यामपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पूनम ममगाई प्रधानाध्यापिका, राजकीय प्राथमिक विद्यालय सजनपुरा, श्यामपुर ने तहरीर देकर बताया कि मनोज कुमार पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी आर्य नगर चौक, गली नंबर-1, ज्वालापुर, हरिद्वार और राकेश कुमार पुत्र धन सिंह निवासी ग्राम शिवदासपुर तेलीवाला, थाना कलियर लंबे समय से सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत निजी जानकारियां मांगकर उन्हें परेशान कर रहे थे। उनका आरोप है कि जब निजी सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो दोनों उन्हें डराने-धमकाने लगे। इस संबंध में उन्होंने पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी, जिसकी जांच श्यामपुर पुलिस कर रही थी। आरोप है कि जांच से नाराज होकर मनोज कुमार खुद को विश्वविद्यालय की जांच समिति का सदस्य बताकर स्कूल पहुंचा और अलग-अलग मोबाइल नंबरों तथा व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क करने का प्रयास करता रहा। बाद में दोबारा स्कूल पहुंचकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया और मना करने पर नौकरी खत्म कराने तथा जीवन बर्बाद करने की धमकी दी। प्रधानाध्यापिका के अनुसार, 27 मई को फोन कर उन्हें 29 मई को आर्य नगर चौक, ज्वालापुर स्थित गोयल स्वीट्स बुलाया गया। वहां उनके परिचित राधेश्याम और लोकेश कुमार भी साथ गए। आरोप है कि बातचीत के दौरान मनोज कुमार ने कहा कि उनके कारण उसके मित्र की पत्नी को एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और यदि वह सुरक्षित रहना चाहती हैं तो एक करोड़ रुपये देने होंगे। वहीं, राकेश कुमार ने कथित तौर पर राधेश्याम को अलग ले जाकर 70 लाख रुपये में मामला निपटाने का प्रस्ताव दिया। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने संबंधित जांच अधिकारी को पूरी जानकारी दी और स्क्रीनशॉट व गवाहों के साथ तहरीर सौंपी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रधानाध्यापिका से एक करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, दो पर मुकदमा
