हरिद्वार (गौरव कुमार) खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ लक्सर कोतवाली में गाली-गलौज, धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं भीम आर्मी जय भीम ने पुलिस प्रशासन को आठ बजे तक केस दर्ज न करने पर कोतवाली का घेराव करने की चेतावनी दी थी। लेकिन पुलिस ने पहले ही केस दर्ज कर लिया। बता दें कि मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो और पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद सामने आया है।
शिकायत के अनुसार, पूर्व विधायक पर एक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने, जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक टिप्पणी कर अपमानित करने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित पक्ष ने भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भीम आर्मी पदाधिकारियों ने कहा कि कानून के तहत निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन पूर्व में भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रहे हैं। सार्वजनिक बयानों और विभिन्न घटनाओं को लेकर उनका नाम कई बार सुर्खियों में आ चुका है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
