हरिद्वार (गौरव कुमार) कोतवाली कनखल क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना सोमवार देर रात की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि कांवड़ लेकर जा रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भूमानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान अजय पुत्र नरेश निवासी पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से लौट रहे कांवड़ यात्रियों की कुछ बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने गोली चला दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिवराज नामक युवक को घटना में प्रयुक्त बाइक सहित पकड़ लिया। इसके अलावा फरार चल रहे अन्य तीन आरोपियों शिवराज पुत्र जबर सिंह, आदित्य कुमार पुत्र राजकुमार, हेमंत कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासीगण शांतिपुरम वंश गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता, हाल निवासी फुटबॉल ग्राउंड, जगजीतपुर को उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया। हालांकि पुलिस को घटना में प्रयुक्त तमंचा अभी पुलिस को बरामद नहीं हुआ है।
राजफाश : गुरुकुल कांगड़ी के पास कहासुनी के बाद चली गोली, एक यात्री घायल
