देहरादून (गौरव कुमार) दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में गहरा शोक छा गया। शुक्रवार को बनबसा स्थित शारदा घाट पर चारों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, जहां का दृश्य बेहद मार्मिक और हृदयविदारक रहा।
जानकारी के अनुसार, अमाऊं क्षेत्र निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल, पुत्र वासु चुफाल और रावी की कार खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे की खबर जैसे ही क्षेत्र में पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया।
शुक्रवार तड़के जब चारों के पार्थिव शरीर उनके आवास पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। एक ही परिवार की चार अर्थियां एक साथ उठने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और परिचित अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। नैनीताल जिले के भावली में हुए इस घटना ने हर किसी को भयभीत कर दिया।
बनबसा शारदा घाट पर जब चारों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं। पूरे क्षेत्र में इस दुखद घटना को लेकर शोक की लहर है और लोग परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
चार चिताओं की आग में सिमटा एक परिवार, गांव में नहीं जले चूल्हे
