हरिद्वार में नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, खराब स्ट्रीट लाइटों पर जताई नाराजगी

Listen to this article

हरिद्वार, (गौरव कुमार) नगर आयुक्त नंदन कुमार, IAS ने शनिवार को शहर के प्रमुख घाटों और मार्गों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई जगह स्ट्रीट लाइटें बंद मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।

नगर आयुक्त ने ललतारो पुल, हाथीपुल, संजय पुल, मनसा देवी पैदल सीढ़ी मार्ग, हर की पैड़ी, कांगड़ा घाट, सीसीआर घाट, विष्णु घाट और बिरला घाट का पैदल भ्रमण कर पथ प्रकाश व्यवस्था व अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण में सामने आया कि कई स्थानों पर नगर निगम की स्ट्रीट लाइटें संचालित नहीं थीं। इस पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित सहायक नगर आयुक्त और लाइनमैन से जवाब मांगा है।

तत्काल सुधार के निर्देश
नगर आयुक्त ने सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल प्रभाव से ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पथ प्रकाश व्यवस्था की दैनिक निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि दोबारा लापरवाही न हो। लंबित मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करने को भी कहा गया है।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी प्रमुख मार्गों और घाटों पर मानकों के अनुरूप प्रकाश व्यवस्था हो, जिससे रात में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को असुविधा न हो। नगर आयुक्त ने नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के आदेश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!