बमठी गांव में दहशत, गुलदार के हमले से महिला की मौत पर ग्रामीणों का आक्रोश

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) गुलदार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार सुबह गुलदार ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बमठी गांव निवासी सीता देवी पत्नी सुरेंद्र प्रसाद सुबह करीब 8 बजे अपने घर के पास खेतों में काम कर रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और उन्हें मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।

पौड़ी गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में टीमों को तैनात कर दिया गया है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

घटना के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की दहशत बनी हुई है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने या मारने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!