हरिद्वार (दीपक पेगवाल) संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर शनिवार को हरिद्वार में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पंजाब से आई पारंपरिक दमड़ी यात्रा का शहर में भव्य स्वागत किया गया। संतों की अगुवाई में निकली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
यात्रा ज्वालापुर बाजार, दुर्गा चौक, शंकर आश्रम और ऋषिकुल मार्ग से होते हुए हरकी पैड़ी पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
यात्रा का शुभारंभ संत समाज और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप द्वारा विधि-विधान से किया गया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में विभिन्न जत्थों के संगम के बाद यात्रा आगे बढ़ी। श्रद्धालुओं के लिए जलपान और विश्राम की विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं।
संत बाबा निर्मल दास महाराज ने कहा कि दमड़ी यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने ‘बेगमपुरा’ के संदेश को समानता और एकता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम संयोजक राजबीर सिंह कटारिया ने बताया कि भजन-कीर्तन और सत्संग के माध्यम से गुरु रविदास के उपदेशों का प्रचार किया गया। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। मौके पर साधू संप्रदाय सोसायटी जालंधर पंजाब के चेयरमैन संत श्रवण दास बोहन, प्रधान संत बाबा निर्मल दास महाराज, जनरल सचिव संत इंद्र दास जनरल, संत परमजीत दास कोषाध्यक्ष, प्रचारक दीदी संतोष, महात्मा मेहर चंद दास, प्रमुख योगेश कुमार, तीर्थपाल रवि, अधिवक्ता विनोद आजाद, उमेश कुमार, दीपक पेगवाल, अधिवक्ता सुशील कुमार, मंजीत नौटियाल, दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल, हरिद्वार मेयर किरण जैसल, श्यामल प्रधान, कुशलपाल सिंह, तेल्लु राम प्रधान, सोनू लाठी, पप्पू पाटिल, सतीश कुमार, अश्वनी पटेल, संजय कुमार, स्वराज सिंह, अंकुश शेरवाल, प्रवीण कुमार, पदम सिंह, रविंद्र पालीवाल आदि मौजूद रहे।
