बापूग्राम के समर्थन में धरने पर बैठे यशपाल आर्य बोले : “बापूग्राम की आवाज सदन में मजबूती से उठाऊंगा”

Listen to this article

ऋषिकेश (वीरेंद्र बिष्ट) बापूग्राम क्षेत्र में चल रहे धरना-प्रदर्शन को उस समय नई मजबूती मिली जब उत्तराखंड सरकार के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व विधायक मनोज रावत धरना स्थल पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने आंदोलनरत लोगों के बीच दरी पर बैठकर समर्थन जताया और प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं।
धरना स्थल पर समिति अध्यक्ष रमेश जुगलान और पार्षदगणों ने नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापन सौंपते हुए बापूग्राम के प्रभावित परिवारों की समस्याओं से अवगत कराया तथा विधानसभा में मजबूती से मुद्दा उठाने का आग्रह किया।

“जनता सड़कों पर क्यों मजबूर?”-यशपाल आर्य

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि बापूग्राम की जनता अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष कर रही है और सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को तथ्यों के साथ विधानसभा सदन में प्रमुखता से उठाएंगे और हर परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे।
उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है। यदि लोग सड़कों पर बैठने को मजबूर हों, तो यह शासन-प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। जब तक बापूग्राम के लोगों को न्याय नहीं मिलता, हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।”

“स्थायी समाधान जरूरी”-मनोज रावत

पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि यह संघर्ष अब केवल एक क्षेत्र का मुद्दा नहीं रहा, बल्कि प्रदेशभर में आम जनता के अधिकारों और सम्मान से जुड़ा विषय बन गया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से यहां रह रहे परिवारों को अनिश्चितता में रखना उचित नहीं है।
रावत ने मांग की कि प्रभावित परिवारों के लिए स्पष्ट नीति के तहत स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि लोगों को बार-बार आंदोलन करने के लिए मजबूर न होना पड़े।

“यह राजनीति नहीं, अधिकारों का सवाल”- जयेंद्र रमोला

कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि बापूग्राम का मुद्दा राजनीति का विषय नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों से जुड़ा संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का शीर्ष नेतृत्व लगातार इस आवाज को मजबूती दे रहा है और धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन करने वाले वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन पार्षद सत्या कपरूवान और पार्षद सचबीर भंडारी ने किया, जबकि अध्यक्षता रमेश जुगलान ने की।
मौके पर जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह, विनय सारस्वत, अविनाश सेमल्टी, पार्षद मुस्कान चौधरी, पार्षद दिनेश रावत, पार्षद राजेश कोठियाल, पार्षद अनिल रावत, पार्षद सुरेन्द्र नेगी, शैलेंद्र बिष्ट, दिनेश चंद्र मास्टर, भूपेंद्र राणा, सिंह राज पोसवाल, रामकुमार भतालिये, दीपा चमोली, दिनेश व्यास, सुभाष जखमोला, जतिन राणा, प्रदीप चंद्रा, संजय भारद्वाज सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!