हरिद्वार (गौरव कुमार)। लंबे समय से चल रही अटकलों और मत्थापच्ची के बाद आखिरकार मनोज धनगर ने बृहस्पतिवार की रात इंडियन नेशनल कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने लक्सर स्थित जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह के कार्यालय पर औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उनका जोरदार स्वागत किया गया।
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक योजना के अनुसार मनोज धनगर को प्रदेश मुख्यालय में सदस्यता ग्रहण करनी थी, लेकिन जिला स्तर के कुछ पदाधिकारियों की नाराजगी के चलते कार्यक्रम में बदलाव किया गया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश मुख्यालय के बजाय जिलाध्यक्ष कार्यालय में ही पार्टी जॉइन करने का निर्णय लिया।
सदस्यता लेने के बाद मनोज धनगर अपने पैतृक गांव ब्रह्मपुरी पहुंचे, जहां समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। गांव में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और इसे उनके “घर वापसी” के रूप में देखा गया। इस मौके पर धनगर ने कहा कि अपने पुराने राजनीतिक घर में लौटकर उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है और वे पार्टी की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
रानीपुर विधानसभा सीट से संभावित प्रत्याशी के रूप में दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट टिप्पणी से परहेज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, वे उसी के अनुसार कार्य करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को मनोज धनगर 1000 से अधिक समर्थकों के साथ प्रदेश मुख्यालय जाकर सदस्यता लेने वाले थे, लेकिन जिला स्तर पर विरोध के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। एक दिन पूर्व उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी थी। अब औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होकर उन्होंने राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे दी है।
लंबी खींचतान के बाद मनोज धनगर की ‘घर वापसी’, कांग्रेस में शामिल होते ही गरमाई रानीपुर की सियासत