HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक कथित ऑडियो के वायरल होने से पूर्व विधायक सुरेश राठौर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार को भी वे बहादराबाद थाने में निर्धारित समय पर पेश नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति में पत्नी रविंद्र कौर राठौर थाने पहुंचीं और पुलिस को सूचित किया कि उनके पति वर्तमान में शहर से बाहर हैं तथा एक सप्ताह बाद लौटकर जांच में सहयोग करेंगे।
यह विवाद तब तेज हुआ जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो क्लिप साझा की, जिसमें कुछ नेताओं के नाम लिए गए थे। इस क्लिप के प्रसार से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में व्यापक चर्चा शुरू हो गई। शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने पांच दिन पहले बहादराबाद थाने में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि झूठे और भ्रामक दावों से महापीठ के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत गौतम की छवि खराब करने की कोशिश की गई।
पुलिस ने पूर्व विधायक को दो बार नोटिस जारी किया। शुक्रवार को उनके घर पर नोटिस पहुंचाया गया, लेकिन वे अनुपस्थित थे। शनिवार को भी पेशी नहीं हुई, जिसके बाद नोटिस चस्पा किया गया। रविवार को पत्नी ने अतिरिक्त समय की मांग की। पुलिस अभिनेत्री उर्मिला सनावर को भी जल्द तलब करने की तैयारी कर रही है।
पूर्व विधायक के आवास पर नोटिस चस्पा होने के बाद पत्नी पहुंची बहादराबाद थाने, मांगा ओर समय