HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मुखानी थाना क्षेत्र के लामाचौड़ स्थित बच्चीनगर नंबर-1 में दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बड़ा भाई 45 वर्षीय मनोज आर्या घर के अंदर मृत मिला, जबकि छोटा भाई 35 वर्षीय सुनील आर्या घर के बाहर बेहोशी की हालत में पाया गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों भाई पूरन चंद आर्या के पुत्र थे और पेशे से मजदूरी करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जाती है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि सोमवार रात दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह जब पड़ोसी और परिजन पहुंचे, तो दोनों बेहोश पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
घटना के समय घर में भाइयों की मानसिक रूप से बीमार मां और मनोज की 12 वर्षीय बेटी मौजूद थीं। मनोज की शादी आठ साल पहले हुई थी, लेकिन तीन-चार साल पहले उनकी पत्नी दो छोटे बच्चों को लेकर घर छोड़ गई थी। सबसे बड़ी बेटी को वहीं छोड़कर चली गई। परिवार में मां की बीमारी और आर्थिक तंगी के चलते तनाव रहता था, लेकिन मौत का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें जहर, बीमारी या अन्य कोई कारण शामिल हो सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जो मौत के राज से पर्दा उठाएगी।