HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में स्थित एक होटल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीटो) के उत्तराखंड चैप्टर की औपचारिक स्थापना की गई। इस अवसर पर जैन समाज के साथ-साथ उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
समारोह में वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी संदीप जैन को जीटो उत्तराखंड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। संदीप जैन प्रमुख फार्मास्युटिकल कंपनी एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। इसी क्रम में रैपिडोमिक्स इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर पीयूष जैन को उपाध्यक्ष तथा ड्रीमक्राफ्ट इन्फोमैटिक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर नितिन जैन को मुख्य सचिव पद सौंपा गया।
जीटो उत्तराखंड की महिला शाखा और युवा शाखा का भी गठन किया गया। महिला शाखा की अध्यक्ष के रूप में अर्चना जैन को जिम्मेदारी दी गई, जो एकम्स हेल्थ एंड एजुकेशनल सोसाइटी से जुड़ी हुई हैं। वहीं युवा शाखा की कमान दून किचेंस के डायरेक्टर सौरभ जैन को सौंपी गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि जीटो केवल एक व्यापारिक संगठन नहीं है, बल्कि यह एक विचारधारा है जो नैतिक मूल्यों के साथ आर्थिक प्रगति को जोड़ती है और सेवा भाव से व्यापार को आगे बढ़ाने का संदेश देती है। उन्होंने जोर दिया कि संगठन उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय योगदान देगा।
उपाध्यक्ष पीयूष जैन ने बताया कि जीटो किसी विशेष वर्ग या व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मूल्य-आधारित नेतृत्व का मंच है जो समाज के हर वर्ग को जोड़कर सामूहिक विकास और सेवा कार्यों को प्रोत्साहित करता है।
कार्यक्रम में जीटो एपेक्स के चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी, सेक्रेटरी जनरल ललित डांगी, स्पेशल इनवाइटी नरेंद्र समर सहित नॉर्थ जोन और एपेक्स के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। जीटो की यह नई पहल उत्तराखंड में जैन समुदाय के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक सरोकारों को मजबूती प्रदान करेगी।
जीटो उत्तराखंड चैप्टर का गठन: नैतिक व्यापार के साथ सामाजिक सेवा को मिलेगा बढ़ावा