बहादराबाद : 72 घंटे के अंदर घरेलू चोरी का खुलासा, गांव का ही युवक गिरफ्तार, पूरा माल बरामद

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के अत्मलपुर बोंगला गांव में 2 दिसंबर की रात हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 72 घंटे के अंदर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। गांव के ही एक युवक को चोरी का पूरा माल और चोरी की मोटरसाइकिल सहित शुक्रवार को पथरी रोह पुल पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना 2 दिसंबर की रात की है जब अज्ञात चोर घर में घुसा और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व जरूरी दस्तावेज चोरी कर फरार हो गया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन रात के अंधेरे में चोर की शिनाख्त नहीं हो सकी। फील्ड यूनिट व मुखबिरों की मदद से पहले जेल जा चुके कई संदिग्धों से पूछताछ की गई, पर कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

थाना प्रभारी अंकुर शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पथरी पुल पिकेट पर एक युवक काली स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर संदिग्ध हालत में दिखा। पुलिस ने उसे रोकना चाहा तो वह भागने की कोशिश करने लगा। घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से तीन सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कुंडल, चांदी का कमरबंद, चार चांदी की राखी, एक जोड़ी चांदी की पायल और एक सिल्वर पेंडेंट सहित चोरी की पूरी ज्वेलरी बरामद हो गई।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम मयंक पुत्र ललित कुमार, निवासी अत्मलपुर बोंगला बताया और घर में चोरी की घटना कबूल कर ली। उसने यह भी स्वीकार किया कि जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, उसे भी हरिद्वार देहात क्षेत्र से चोरी किया था। मोटरसाइकिल के असली मालिक की तलाश जारी है। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!