HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 संरक्षित प्रजाति के कछुओं की तस्करी के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेताबनाथ और उनकी पत्नी बरखा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ऋषिकेश के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां दंपति को 14 जीवित कछुए बरामद हुए। इनमें भारतीय फ्लैपशेल कछुए और इंडियन सॉफ्टशेल कछुए शामिल हैं, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 में संरक्षित प्रजातियां हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इन कछुओं को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के एक व्यक्ति से खरीदा था, जिन्हें आगे ऊंची कीमत पर बेचने की योजना थी। पुलिस ने दंपति के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अब बिजनौर के सप्लायर तक पहुंचने के लिए छानबीन कर रही है। कप्तान अजय सिंह ने इसे वन्यजीव तस्करी पर लगाम कसने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया।