रोड धर्मशाला में समिति सदस्य से मारपीट, ₹24,800 लूटने का आरोप; दो सगे भाइयों समेत तीन पर मुकदमा

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रोड धर्मशाला में समिति के एक सदस्य के साथ मारपीट, नकदी लूटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोड धर्मशाला निवासी एवं समिति सदस्य विकास चौधरी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 15 जुलाई की रात नीरज मलिक, उसका भाई अंकुश मलिक और एक अन्य व्यक्ति धर्मशाला पहुंचे। आरोप है कि तीनों बातचीत के बहाने उन्हें पार्किंग की ओर ले गए, जहां पहुंचते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनका होंठ फट गया और हाथ की एक अंगुली टूट गई। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान नीरज मलिक ने पिस्तौल निकालने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने उसका हाथ पकड़ लिया। इसी बीच धर्मशाला के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे 24,800 रुपये भी निकाल लिए गए। जाते समय आरोपियों ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!