5 हजार किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त, नगर निगम का बड़ा एक्शन; एक लाख का चालान

Listen to this article

हरिद्वार( गौरव कुमार)। नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने एक गोदाम पर छापेमारी कर करीब 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद की। टीम ने मौके से पूरी खेप जब्त कर संबंधित व्यक्ति पर एक लाख रुपये का चालान किया।नगर निगम के अनुसार लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पॉलीथीन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक बेचने वाले छोटे विक्रेताओं को खड़खड़ी स्थित एक गोदाम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही थी। आरोप है कि गंगा स्नान, पर्व स्नान और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान यही प्लास्टिक पर्यावरण प्रदूषण और कचरे का प्रमुख कारण बन रही थी। नगर निगम ने इन सूचनाओं के आधार पर गोदाम पर निगरानी रखी हुई थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद मंगलवार को नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बैरागी धर्मशाला के सामने स्थित नानक चंद के आवास पर बने गोदाम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!