हरिद्वार (गौरव कुमार) कनखल क्षेत्र में गैस एजेंसियों से जुड़े डिलीवरी कर्मियों ने कथित उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के विरोध में हड़ताल का निर्णय लेते हुए एक दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शनिवार को पुष्पक गैस एजेंसी पर 50 से अधिक गैस डिलीवरी कर्मियों ने एकत्र होकर तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग उठाई।
कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ लोग खुद को मीडिया से जुड़ा बताकर उन्हें रास्ते में रोकते हैं, वीडियो बनाते हैं और गैस सिलेंडरों का वजन कराने का दबाव बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश करते हैं। उनका कहना है कि इस प्रकार की जांच का अधिकार केवल संबंधित विभागीय अधिकारियों को है, न कि आम लोगों को। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से डिलीवरी कर्मियों में भय और असंतोष का माहौल है।
इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उधर, गैस वितरकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देने की तैयारी की है, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
रमेश प्रधान ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में डिलीवरी कर्मियों का काम करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में भी इतनी परेशानी नहीं हुई, जितनी अब झेलनी पड़ रही है। हड़ताल के चलते गैस वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।