वन विभाग का बड़ा एक्शन: पथरी के जंगल में खैर के पेड़ काटने वाला एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) वन प्रभाग के पथरी जंगल में खैर के पेड़ों के अवैध कटान के मामले में वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अभी भी फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूरा उर्फ भूरी निवासी हलजोरा गांव, भगवानपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से पेड़ काटने में इस्तेमाल की गई आरी भी बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, 14 मार्च की रात आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पथरी जंगल में तीन खैर के पेड़ों को काटकर लकड़ी मौके से गायब कर दी थी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो से मामला और गरमा गया था।
वन विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान टीम को एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली। रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कार्रवाई में वन दरोगा हरीश वालिया, बीट प्रभारी आकाश सैनी, योगेश कुमार, शिवानी चौधरी, श्यामलाल, अनुज और निर्मल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!