कुर्सी की हनक : तबादले के एक माह बाद भी नहीं छोड़ा पदभार, कुर्सी की हनक में आदेशों की अनदेखी

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) आगामी कुंभ मेला की तैयारियों के बीच उत्तराखंड जल संस्थान की गंगा अनुरक्षण शाखा में अधिशासी अभियंता के पद को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विभागीय स्थानांतरण आदेश जारी होने के करीब एक माह बाद भी मौजूदा प्रभारी अधिशासी अभियंता हरीश बंसल द्वारा पदभार नहीं छोड़े जाने से विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इसे लेकर विभाग के भीतर “कुर्सी की हनक” और उच्च अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी के आरोप भी सामने आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जगजीतपुर स्थित जल संस्थान की गंगा अनुरक्षण शाखा में तैनात प्रभारी अधिशासी अभियंता हरीश बंसल का तबादला संस्थान की विजिलेंस शाखा देहरादून में अधिशासी अभियंता पद पर किया गया है। इस संबंध में मुख्य महाप्रबंधक स्तर से 18 फरवरी को स्थानांतरण आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद अब तक उन्होंने हरिद्वार में अपने पद का कार्यभार नहीं छोड़ा है, जिससे उच्च अधिकारियों के आदेशों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक हरीश बंसल करीब दो वर्षों से हरिद्वार में तैनात हैं। विभागीय कर्मचारियों के बीच यह चर्चा भी है कि स्थानांतरण आदेश के बावजूद पद पर बने रहना कहीं न कहीं कुर्सी की हनक को दर्शाता है।
इधर, कुंभ मेले को देखते हुए शहर में सीवर व्यवस्था और गंगा से जुड़े अनुरक्षण कार्यों को दुरुस्त करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यो को गति देने के उद्देश्य से खटीमा में तैनात अधिशासी अभियंता अजय कुमार को हरिद्वार की गंगा अनुरक्षण शाखा की जिम्मेदारी दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि अब तक उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार नहीं सौंपा गया है।
कुंभमेला जैसे बड़े आयोजन से पहले विभाग के भीतर बनी यह स्थिति प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!