हरिद्वार (अर्जुन देव शर्मा) हरिद्वार स्थित राज्य अतिथि गृह में राजीव स्वरूप, गढ़वाल मंडल पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से अंबेडकर महामंच के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर सार्थक चर्चा की गई।
अंबेडकर महामंच के महामंत्री दीपक पेगवाल ने अपने साथियों के साथ आईजी का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत और सम्मान किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में क्षेत्र में बढ़ते अवैध निर्माण, नशे के कारोबार, भू-माफियाओं की सक्रियता तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन समस्याओं के कारण आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
आईजी राजीव स्वरूप ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मामलों में पुलिस प्रशासन पूर्ण गंभीरता के साथ कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाज का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। पुलिस और जनता के समन्वय से ही क्षेत्र में शांति और सुव्यवस्था कायम रखी जा सकती है।
इस अवसर पर एडवोकेट विनोद आजाद, उमेश कुमार, नवीन तेश्वर, एडवोकेट अंकुर शेरवाल, सोनू लाठी, राजवीर कटारिया, रजनीश, मोहित चौहान, विभांशु चौहान, मोहित कुमार, इकरार अली, नूर अली, रवि कुमार, शहजाद अली सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।