कुर्सी लगाकर कूड़ा पॉइंट पर बैठे अधिकारी, हरिद्वार में स्वच्छता का अनोखा अभियान

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। नगर निगम ने स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए एक अनोखी और संवेदनशील पहल शुरू की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर शहर के सभी कूड़ा संवेदनशील बिंदुओं (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट) पर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि नगर निगम के अधिकारी खुद कुर्सी लगाकर इन कूड़ा पॉइंट्स पर बैठ रहे हैं। वे वहाँ आने-जाने वाले लोगों से सीधे संवाद करते हुए कचरा न फेंकने की अपील कर रहे हैं। अधिकारी नागरिकों को स्वच्छता का महत्व समझाते हैं और यह संदेश देते हैं कि स्वच्छता कोई नियम नहीं, बल्कि सबकी साझा जिम्मेदारी है।
अभियान में प्रत्येक बिंदु पर नियमित सफाई भी कराई जा रही है। यदि कोई व्यक्ति कचरा फेंकते पकड़ा जाता है, तो उसे जुर्माने की बजाय मानवीय तरीके से समझाया जाता है। खास तौर पर ऐसे व्यक्ति को प्रतीकात्मक रूप से एक गुलाब का फूल भेंट किया जाता है, ताकि सकारात्मक संदेश उसके मन पर गहरा असर डाले और वह आगे चलकर स्वच्छता का प्रचारक बने।
नागरिकों को बताया जा रहा है कि कचरा खुले में या सड़क पर न फेंकें, बल्कि घर में डस्टबिन में इकट्ठा करें और नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को सौंपें। कूड़ा गाड़ी संबंधी किसी समस्या के लिए शिकायत नंबर भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे शिकायतों का तुरंत निपटारा हो सके।
इस मौके पर स्थानीय पार्षद निशा नौडियाल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, पर्यावरण पर्यवेक्षक सुदर्शन सहित अन्य कर्मचारी सक्रिय रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!