HINDUSTAN NEWS TODAY, हल्द्वानी। भाजपा से जुड़े नगर निगम पार्षद एवं मंडल उपाध्यक्ष अमित बिष्ट उर्फ चिंटू पर आरोप है कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से 22 वर्षीय युवक नितिन लोहनी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, जज फार्म निवासी नितिन लोहनी अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ रामपुर रोड स्थित अमित बिष्ट के घर उनके बेटे से मिलने गया था। नितिन पार्षद के बेटे का मित्र था। डोर बेल बजाने पर पार्षद बाहर आए और फायरिंग कर दी। गोली लगने से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पार्षद और मृतक के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने अमित बिष्ट को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। भाजपा ने घटना के बाद अमित बिष्ट को पार्टी से निष्कासित कर दिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।