HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। विश्व प्रसिद्ध पिरान कलियर शरीफ दरगाह (साबिर पाक) में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पीआरडी जवान द्वारा कथित तौर पर एक विकलांग व्यक्ति पर लाठी से हमला करने का मामला सामने आया है। यह घटना दरगाह के मुख्य गेट पर हुई, जहां जवान और विकलांग व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
वायरल वीडियो फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जाली के दूसरी ओर खड़े विकलांग व्यक्ति से बहस के बाद पीआरडी जवान ने लाठी से प्रहार किया, जिससे व्यक्ति गिर पड़ा। हालांकि HINDUSTAN NEWS TODAY इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। यह दृश्य मौके पर मौजूद लोगों द्वारा मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्थानीय लोगों तथा श्रद्धालुओं में व्यापक आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों ने जवान की इस दबंगई की कड़ी निंदा की और उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।
घटना की जानकारी मिलते ही दरगाह प्रबंधन और प्रशासन हरकत में आया। दरगाह प्रबंधक सह तहसीलदार विकास अवस्थी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच पूरी होने तक संबंधित पीआरडी जवान को ड्यूटी से हटा दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, अन्यथा मामला और बिगड़ सकता था।
पीआरडी जवान की दबंगई: कलियर दरगाह में विकलांग व्यक्ति पर लाठीचार्ज, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप