हरिद्वार। प्रेस क्लब द्वारा शुक्रवार को सड़क सुरक्षा विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन का काम नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की अपनी सुरक्षा अपने हाथ में है। सबसे पहले गति पर नियंत्रण रखें। अभिभावक बच्चों को वाहन चलाने न दें। उन्होंने बताया कि रात में दुर्घटनाएं सबसे अधिक होती हैं, इसलिए रात्रि में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और नियमों का पालन करें।
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि वाहन चालक हमेशा नंबर प्लेट लगाकर चलाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात न करें। सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में स्टंट करना गंभीर कानूनी अपराध है। सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य करें, इससे चोटों से काफी हद तक बचा जा सकता है। वाहन के सभी कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस आदि हमेशा साथ रखें। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव दीपक मिश्रा, शिवशंकर जायसवाल, आदेश त्यागी, तनवीर अली, सुनील दत्त पांडे, रजनीकांत शुक्ला, बालकृष्ण शास्त्री, हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।