अपनी ही शादी में दूल्हे ने की हर्ष फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही मुकदमा दर्ज

Listen to this article

हरिद्वार( गौरव कुमार)। शादी की खुशी में हवाई फायरिंग करना दूल्हे को भारी पड़ गया। कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में अपनी शादी के दौरान लाइसेंसी पिस्तौल से कई राउंड फायर कर वीडियो सोशल मीडिया पर डालने वाले दूल्हे के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला 26 जुलाई का है। लक्सर रोड स्थित वाटिका फार्म में टांडा मेहतोली, सुल्तानपुर निवासी योगेश कुमार की शादी थी। समारोह के दौरान योगेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और दुल्हन के साथ आगे बढ़ते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उसने कई राउंड गोलियां चलाईं। बकायदा इसका वीडियो बनाया गया और बाद में इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया गया। वीडियो में दूल्हे को शादी समारोह के दौरान पिस्तौल से फायरिंग करते देखा गया। वीडियो तेजी से प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा। पुलिस ने वीडियो की पड़ताल के साथ ही घटनास्थल और संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई। जांच में फायरिंग की पुष्टि होने के बाद कनखल कोतवाली में तैनात एएसआई ललित मोहन सिंह की ओर से योगेश कुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रकरण की विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!