हरिद्वार में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय में रविवार को होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, इसके बाद रैतिक परेड और भव्य सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला एवं पुरुष होमगार्ड जवानों ने देशभक्ति से भरपूर नृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने समारोह में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का माहौल पैदा कर दिया। होमगार्ड जुगुणियां बैंड ने अपने मनमोहक और अनुशासित प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।
मंडलीय कमांडेंट गौतम कुमार ने मुख्य अतिथि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन की उपलब्धियों और सेवा भावना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त होमगार्ड जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर जवान गर्व और उत्साह से भर गए।
राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सेवा में होमगार्ड्स की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। अनुशासन और समर्पण की मिसाल यह फोर्स जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जवानों के कल्याण और सुविधाओं के लिए लगातार प्रयासरत है।
शिवालिकनगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने भी होमगार्ड्स की सेवाओं की सराहना की और कहा कि संकट की घड़ी में यह फोर्स समाज का मजबूत सहारा बनती है।
मंडलीय कमांडेंट गौतम कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि होमगार्ड संगठन आगे भी सेवा, सुरक्षा और अनुशासन के संकल्प के साथ कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के. जेड. अंसारी, विनोद कुमार, गंभीर बिष्ट, मीना रावत, पूजा चौहान, जय भगवान सैनी, जितेंद्र सिंह, शेर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!