हरिद्वार (गौरव कुमार)। शिवालिक नगर स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी के पीछे सुखी नदी के पास बुधवार को मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। करीब तीन से चार फीट लंबे मगरमच्छ को नदी से निकलकर कॉलोनी की ओर बढ़ते देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित गंगा नदी में छोड़ दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि सुखी नदी के पास मिला मगरमच्छ करीब तीन से चार फीट लंबा था। सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने पूरी सावधानी के साथ मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा और बाद में उसे गंगा नदी में छोड़ दिया। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने लोगों से नदी और आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की है। समय रहते मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू करने पर स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम की तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।रेस्क्यू अभियान में वन दरोगा आरती पंत, फॉरेस्ट गार्ड राहुल नेगी, क्यूआरटी टीम के तालिब सहित रेस्क्यू टीम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।



सुखी नदी के पास टहलता दिखा मगरमच्छ, इलाके में फैली दहशत; वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू