हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में ओटीपी साझा किए बिना ही एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से 3.61 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सिडकुल स्थित नवोदय नगर निवासी राहुल तिवारी ने बताया कि 30 मई 2026 को उनके मोबाइल पर ओटीपी आया, लेकिन उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं किया। इसके बावजूद उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर फ्लिपकार्ट के माध्यम से 3,61,948 रुपये की खरीदारी कर ली गई।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें इस अनधिकृत लेनदेन की जानकारी बाद में हुई, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर सिडकुल थाना पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड का मुकदमा दर्ज कर लिया है।एसओ अजय शाह का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। क्रेडिट कार्ड से हुए ट्रांजेक्शन और संबंधित तकनीकी साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ओटीपी साझा किए बिना भी खाते से उड़े 3.61 लाख, ऑनलाइन ठगी का मुकदमा दर्ज