HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। थाना कनखल पुलिस ने 12 नवंबर को फुटबॉल ग्राउंड के पास हुई फायरिंग की घटना में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में सचिन नामक युवक को गोली लगी थी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के संबंध में घायल सचिन के भाई आकाश पुत्र सतपाल निवासी विजय बिहार जमालपुर ने थाना कनखल में तहरीर दी थी कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके भाई पर फायर किया। इस पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 नवंबर को बैरागी कैंप क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार है:
- आकाश कुमार उर्फ तांत्रिक पुत्र मूलचंद, निवासी रामदासवाली, थाना मंडावली, जिला बिजनौर (उप्र)
- कामेंद्र सिंह पुत्र रोहिताश, निवासी लालपुर सौजीमल, थाना नागल सौती, जिला बिजनौर
- डिकेंद्र उर्फ डीके पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी लालपुर सौजीमल, थाना नागल सौती, जिला बिजनौर
आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल 32 बोर (एक जिंदा कारतूस सहित), दो तमंचे 315 बोर (प्रत्येक में एक-एक जिंदा कारतूस सहित) और एक होंडा सिटी वाहन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आकाश उर्फ तांत्रिक क्षेत्र में अपना बर्चस्व कायम करने और पढ़ाई के साथ मारपीट बर्दाश्त न करने के लिए कुख्यात था। उस पर इससे पहले 26 अगस्त को अमन चौक गुरुकुल कांगड़ी में सूर्यप्रताप आदि पर फायरिंग करने का भी मुकदमा दर्ज है। सभी आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
इससे पहले इस घटना में दो आरोपी भरत और रितिक को 13 नवंबर को ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब तक कुल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेंद्र भंडारी, चौकी प्रभारी जगजीतपुर सुधांशु कौशिक सहित दस पुलिसकर्मी शामिल रहे।