सुनें हिन्दुस्तान न्यूज़ टुडे में, हरिद्वार। ग्राम झबरेड़ी कला में गुरुवार को उधार के एक हजार रुपये मांगने पर तीन युवकों ने 22 वर्षीय दुकानदार विकास की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मोहित, राजू उर्फ राजकुमार और रोहित उर्फ गोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आशीष कुमार ने बताया कि विकास गांव में परचून की दुकान चलाता था। 30 अक्टूबर को तीनों आरोपी दुकान पर आए। विकास ने उनसे पुराना उधार चुकाने को कहा, जिस पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर रोहित ने लाठी से विकास के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घायल विकास को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शुक्रवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विकास और आरोपी रिश्तेदार हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
झबरेड़ा में उधार के पैसे मांगने पर दुकानदार की हत्या, तीन पर मुकदमा, -दीपक मौर्य-