हरिद्वार (गौरव कुमार) होली पर्व से पूर्व भीड़भाड़ वाले बाजार में नकली नोट खपाने की साजिश को पुलिस की मुस्तैदी ने नाकाम कर दिया। कोतवाली रुड़की पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान 19 हजार रुपये के 38 जाली नोटों के साथ एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद कोर्ट से जेल भेज दिया है।
रविवार रात पुलिस टीम मोबाइल गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सोनाली पार्क के सामने कलियर रोड पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित खड़ा है, जो नकली नोटों का व्यापार करता है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी की पहचान मुकेश कुमार गर्ग पुत्र कुंवर सेन, निवासी मोहल्ला सेनियान, थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 500-500 रुपये के कुल 38 जाली नोट 19 हजार रुपये बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर किया गया।
19 हजार के नकली नोटों संग आरोपी गिरफ्तार, भीड़भाड़ वाले इलाके में खपाने की थी साजिश